भोपाल। राजधानी भोपाल के प्रशासनिक अमले में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने डिप्टी कलेक्टर दीपक पांडे को टीटी नगर अनुभाग के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। गुरुवार देर रात जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब तक टीटी नगर एसडीएम की जिम्मेदारी संभाल रहीं डिप्टी कलेक्टर अर्चना रावत शर्मा को फील्ड से हटाकर कलेक्ट्रेट कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। दीपक पांडे वर्तमान में शहर वृत्त एसडीएम के रूप में कार्यरत हैं और इस नए आदेश के बाद वे दोनों महत्वपूर्ण अनुभागों की कमान संभालेंगे।
डिप्टी कलेक्टर अर्चना रावत शर्मा पिछले लगभग दो वर्षों से टीटी नगर एसडीएम के पद पर पदस्थ थीं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, वे स्वयं भी लंबे समय से फील्ड ड्यूटी के स्थान पर कार्यालयीन कार्य की जिम्मेदारी लेने की इच्छुक थीं। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस प्रशासनिक फेरबदल के लिए कोई विशेष आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है, लेकिन इसे आगामी दिनों में क्षेत्र की प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि टीटी नगर अनुभाग हाल के दिनों में नगर निगम द्वारा की जा रही दुकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सीलिंग कार्रवाई के चलते खासा सुर्खियों में रहा है। आवासीय क्षेत्रों में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर की गई कार्रवाई के विरोध में न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे पर हजारों व्यापारियों ने सड़कों पर उतरकर व्यापक प्रदर्शन किया था। चूंकि ये दोनों प्रमुख व्यापारिक केंद्र टीटी नगर अनुभाग के दायरे में आते हैं, इसलिए विरोध प्रदर्शन के दौरान अर्चना रावत शर्मा ने ही मौके पर पहुंचकर आक्रोशित व्यापारियों से संवाद किया था और उनका ज्ञापन लिया था।
अब शहर वृत्त के साथ-साथ टीटी नगर अनुभाग का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था, व्यापारी संगठनों के साथ समन्वय और नगर निगम की सीलिंग से उपजे विवादों के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दोहरी जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर दीपक पांडे के कंधों पर होगी। संवेदनशील व्यापारिक गतिविधियों के केंद्र माने जाने वाले टीटी नगर क्षेत्र में यह बदलाव प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।




