भोपाल, जीतेन्द्र यादव। विधानसभा के विशेष सत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सरकार की मंशा पर कड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने परिसीमन की अनिवार्यता को लेकर सरकार को घेरते हुए इसे प्रक्रिया में देरी करने का एक बहाना बताया।
अजय सिंह ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को उनका हक देना चाहती है, तो इसे वर्तमान विधानसभा और लोकसभा सीटों के आधार पर तत्काल लागू किया जा सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सीटें और संख्या स्पष्ट है, तो फिर परिसीमन की आड़ लेकर इसे भविष्य के लिए क्यों टाला जा रहा है? पूर्व नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, विशेष सत्र बुलाकर चर्चा तो कराई जा रही है, लेकिन सरकार इस बुनियादी सवाल का स्पष्ट जवाब देने से बच रही है कि आखिर आरक्षण लागू होने में कितना समय लगेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन और अन्य तकनीकी पेचों के कारण महिला आरक्षण एक लंबा इंतजार बनकर रह जाएगा, जो प्रदेश और देश की महिलाओं के साथ न्याय नहीं है।



