नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है। 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले रहाणे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर सफर का एक अंत होता है और उनके लिए आगे बढ़ने का यही सही समय है।


रहाणे ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय क्रिकेटर के रूप में उनका अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन क्रिकेट के साथ उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। उन्होंने भविष्य में युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने और अपने अनुभवों को अगली पीढ़ी के साथ साझा करने की इच्छा भी जताई।


रहाणे के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2020-21 का ऑस्ट्रेलिया दौरा शामिल है। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद उन्होंने टीम की कप्तानी संभाली। मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक लगाकर भारत को जीत दिलाई और बाद में गाबा में ऐतिहासिक जीत के साथ टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से सीरीज हराकर 32 वर्षों से चला आ रहा उसका अजेय रिकॉर्ड तोड़ दिया।


रहाणे ने 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण किया था, जबकि 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला। उनका आखिरी टेस्ट जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला गया। कप्तान के रूप में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने छह टेस्ट में भारत की कप्तानी की, जिसमें चार जीत और दो मुकाबले ड्रॉ रहे। वहीं वनडे में तीनों मैच जीतने के साथ उन्होंने सीमित ओवरों में भी सफल नेतृत्व किया।