छतरपुर, संतोष शिवहरे। सटई नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 12, करिया नाला निवासी कुछ पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक छतरपुर को एक शिकायती पत्र सौंपकर अपनी पुश्तैनी जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने की नीयत से गंदगी फैलाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़तों ने मामले में आदतन अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता नारायणदास कुशवाहा, बालकिशन, कारेलाल, और भागीरथ ने संयुक्त रूप से बताया कि उनकी निजी भूमि पर उनका कब्जा है और वहां नारायणदास कुशवाहा का बीम फाउंडेशन भी बना हुआ है। आरोप है कि क्षेत्र के कुछ लोग जिनमें हजारी, पूरन, लछुआ, धनीराम पिता गबडु कुशवाहा, रामचरन, मनमोहन, पप्पू, सुरेश, बब्लू और उनके सहयोगी प्रेमलाल, लालजू, परसू, मिंटू, काशीराम आदि शामिल हैं उनकी पत्नियां और परिवार के लोग पीडि़त पक्ष की जमीन पर आकर कूड़ा-कचरा और बच्चों की गंदगी फेंकते हैं।
पीडि़तों का कहना है कि गंदगी फेंके जाने के कारण वहां घातक बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। इतना ही नहीं, जमीन की सुरक्षा के लिए लगाई गई तार की जाली के एंगल भी तोड़ दिए गए हैं। जब भी पीडि़त परिवार इसका विरोध करता है, तो आरोपी पक्ष के लोग लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाते हैं और मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हैं।
शिकायती पत्र के अनुसार यह विवाद काफी पुराना है। इससे पहले भी दिनांक 09.08.2025 को फेंसिंग को लेकर गंभीर मारपीट हो चुकी है, जिस पर पुलिस थाना सटई में अपराध दर्ज है। इसके अलावा, इसी जमीन से जुड़ा एक मामला अपर कलेक्टर छतरपुर के समक्ष वर्तमान में विचाराधीन है।
परेशान होकर नारायणदास, बालकिशन, भागीरथ, परमलाल, छोटेलाल, नाथूराम कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीणों ने आवेदन सौंपकर छतरपुर एसपी से गुहार लगाई है कि वे सटई पुलिस को निर्देशित करें ताकि इन आदतन अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

