छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। चंदला क्षेत्र में बछौन से चंदपुरा तक चल रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर GRTC कंपनी पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली के ऊपर डाली जा रही सीमेंट कंक्रीट में निर्माण के तुरंत बाद ही जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।


ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि कंक्रीट मिश्रण में रेत की जगह अधिक मात्रा में डस्ट का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सीसी की मजबूती प्रभावित हो रही है। लोगों के अनुसार निर्माण कार्य शुरू होते ही दरारें पड़ना गुणवत्ता में गंभीर कमी का संकेत है।


बछौन निवासी सचिन रुपोलिहा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों को दिखाने के लिए अलग से जांच की व्यवस्था की जाती है, जबकि वास्तविक निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की समुचित जांच नहीं की जा रही। उनका कहना है कि मौके पर उपयोग हो रही सामग्री और अधिकारियों को दिखाई जाने वाली प्रक्रिया में अंतर है।


इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो सार्वजनिक धन से हो रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होगी और भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।