देवास, हेमंत गुर्जर। शहर के बालगढ़ इलाके में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक 49 वर्षीय व्यक्ति की फ़र्शी मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।


जानकारी के अनुसार औद्योगिक थाना पुलिस को सुबह करीब पौने 5 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बालगढ़ मेन रोड स्थित एक पान की गुमटी के पीछे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान बालगढ़ निवासी 49 वर्षीय मुकेश छायनिया के रूप में हुई।


पुलिस ने जब शव का निरीक्षण किया तो मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद हत्या की आशंका पुख्ता हो गई। जांच के दौरान सामने आया कि मोहल्ले में रहने वाले परिचित भावेश चौधरी का रात में मुकेश से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले मारपीट की। इसके बाद उसे डर हुआ कि मुकेश घटना की जानकारी किसी को दे सकता है, जिसके चलते उसने फ़र्शी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।


औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि आरोपी भावेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।