सतना, अंबिका केशरी। जिले के सोहावल मोड़ पर निर्माणाधीन राम पथ गमन राष्ट्रीय राजमार्ग फ्लाईओवर को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। फ्लाईओवर निर्माण के चलते सोहावल, बाबूपुर और सोहौला गांवों को जोड़ने वाला वर्षों पुराना सार्वजनिक मार्ग बंद कर दिया गया है। मार्ग बंद होने और मुख्य सड़क पर डायवर्जन के विरोध में ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीएम राहुल सिलाडिया, नायब तहसीलदार सुजीत नागेश और सिविल लाइन थाना टीआई प्रीती विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के तत्काल निराकरण और जनसुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।


ग्रामीणों का कहना है कि प्राचीन मार्ग का उपयोग करीब 15 हजार की आबादी वर्षों से करती आ रही है। रास्ता बंद होने के बाद लोगों को पन्ना-सतना मुख्य मार्ग से होकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिस पर पहले से ही भारी वाहनों का दबाव है। ग्रामीणों के मुताबिक इस स्थिति में स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। साथ ही सोहावल मोड़ की सड़क लंबे समय से जर्जर है और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।


ग्रामीणों ने मांग की है कि सोहावल, बाबूपुर और सोहौला को जोड़ने वाले सार्वजनिक मार्ग को यथासंभव पुनः शुरू किया जाए। फ्लाईओवर के नीचे सुरक्षित व्हीकुलर एवं पेडस्ट्रियन अंडरपास बनाया जाए। इसके अलावा सोहावल रोड का तत्काल चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाए। यदि पुराना मार्ग बहाल करना संभव नहीं है तो ग्रामीणों के लिए चौड़ा, पक्का और सुरक्षित स्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।