सतना, सजल कुमार रजक। सतना रेलवे माल गोदाम में काम करने के दौरान पल्लेदार राजकुमार उर्फ मंगलदीन चौधरी हादसे का शिकार हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
स्टेशन रोड पर शव रखकर किया प्रदर्शन, यातायात हुआ बाधित
हादसे से नाराज परिजनों ने ठेकेदार की लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्टेशन रोड स्थित माल गोदाम मोड़ पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर प्रदर्शन शुरू होने से आसपास का यातायात प्रभावित हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीएसपी, समझाइश का दौर जारी
सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी के साथ जीआरपी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को शांत कराने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग पर डटे रहे।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी हादसे की असली वजह
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने की कोशिश की जा रही है। हादसा किन कारणों से हुआ और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।













