उज्जैन, अशोक दायमा। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी में आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर कुछ असामाजिक तत्वों और आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एसआई की वर्दी फाड़ी, चार जवान हुए घायल
घटना के दौरान उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और जमकर पत्थर बरसाए। इस हमले में उन्हेल थाने के एसआई धारा सिंह चावड़ा के साथ हाथापाई करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी गई। हमले में एसआई समेत कुल चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
आठ दिन पुराने मारपीट के मामले में पहुंची थी पुलिस
यह पूरा विवाद करीब आठ दिन पुराने एक मामले से जुड़ा है। गांव की निवासी कंचनबाई ने अपने पड़ोसी सरदार सिंह के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे पुलिस टीम आरोपी सरदार सिंह के खेत पर बने मकान पर दबिश देने पहुंची थी, जहां परिजनों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
सात पर मामला दर्ज, दो महिलाओं समेत तीन हिरासत में
घटना के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। मामले में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक पुरुष को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
गांव में पुलिस का फ्लैग मार्च, आरोपियों की तलाश तेज
क्षेत्र में तनाव को देखते हुए और शांति बनाए रखने के मकसद से पुलिस बल ने नागझिरी गांव में फ्लैग मार्च निकाला। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें बाकी फरार आरोपियों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।














