टीकमगढ़/पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। पलेरा तहसील के छोटे से गांव बन्ने बुजुर्ग की बेटी अनुराधा सोनकिया का उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (UP SI) के पद पर चयन होने के बाद पहली बार गृह ग्राम पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। अनुराधा की उपलब्धि से पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और ग्रामीणों ने अपनी बेटी पर गर्व जताया।
गांव की सीमा पर पहुंचते ही डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ अनुराधा का स्वागत किया गया। महिलाओं ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर अभिनंदन किया, जबकि बुजुर्गों और युवाओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें सम्मानित किया। ग्रामीणों ने अनुराधा की सफलता को पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया।
अनुराधा ने कक्षा 1 से 10वीं तक की शिक्षा शासकीय हाई स्कूल बन्ने बुजुर्ग से प्राप्त की। इसके बाद कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल पलेरा से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने निरंतर मेहनत करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनने का अपना सपना पूरा किया।
अनुराधा के पिता आनंदीलाल सोनकिया ने भावुक होकर बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थी और खाकी वर्दी पहनकर देश की सेवा करना उसका सपना था। आज उसकी मेहनत और दृढ़ संकल्प ने उस सपने को साकार कर दिया है।
अनुराधा सोनकिया की सफलता पलेरा तहसील सहित टीकमगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उन्होंने साबित किया कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर सीमित संसाधनों के बावजूद सफलता हासिल की जा सकती है।




