छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। साहित्य, संगीत और कला के पुरोधा स्व. श्री महेश मिश्र 'मधुकर' की 16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित गरिमामयी स्मृति समारोह में दतिया के सुयोग्य सपूत एवं वर्तमान में छतरपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) व अपर कलेक्टर नमः शिवाय अरजरिया को प्रतिष्ठित 'दतिया रत्न' सम्मान से नवाजा गया है।


सांस्कृतिक सरोकारों और प्रशासनिक कुशलता का सम्मान

यह अलंकरण 'इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज' (INTACH) दतिया इकाई एवं मधुकर सृजन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्य, कला और समाज सेवा से जुड़े प्रबुद्धजनों ने श्री अरजरिया की उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जनसेवा के प्रति समर्पण और सांस्कृतिक सरोकारों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।


जिस माटी ने गढ़ा, वहीं सम्मानित होना जीवन का सबसे गौरवशाली क्षण

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत भावुक होते हुए जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने कहा, "जिस शहर, जिन नागरिकों और गुरुजनों की छत्रछाया में मेरा व्यक्तित्व गढ़ा गया, उन्हीं के समक्ष अपनी ही माटी पर सम्मानित होना मेरे जीवन का सबसे गौरवशाली और अविस्मरणीय क्षण है। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि दतिया की उस पावन माटी और संस्कारों का आशीर्वाद है, जिसने मुझे सदैव निष्ठापूर्वक जनसेवा के पथ पर चलने की प्रेरणा दी।"

उन्होंने आयोजन समिति, इंटैक के नेशनल चेयरमैन अशोक ठाकुर तथा संस्था के वरिष्ठ संरक्षक विनोद मिश्रा 'दादा' के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके स्नेह और विश्वास ने जनसेवा के प्रति उनके दायित्व बोध को और अधिक मजबूत किया है।


प्रशासनिक व सामाजिक हलकों में हर्ष

नमः शिवाय अरजरिया को 'दतिया रत्न' से अलंकृत किए जाने पर दतिया और छतरपुर दोनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, पत्रकार जगत एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। समारोह का समापन मां पीताम्बरा के जयघोष के साथ हुआ।