छतरपुर, संदीप यादव। गुलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया खुर्द में आपसी विवाद के चलते पांच लोगों द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी सहित चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, हरिश्चंद्र लोधी (30) और उनकी पत्नी लीलावती लोधी (28) के बीच घर में किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले परिवार के लोगों को लगा कि उन्हें गाली दी जा रही है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बालकृष्ण लोधी, मातादीन लोधी, लखन लोधी, छोटेलाल लोधी और पूना लोधी ने घर से बाहर निकालकर लाठी-डंडों से हरिश्चंद्र के साथ मारपीट की। पति को बचाने पहुंची पत्नी लीलावती के साथ भी मारपीट की गई और उनका गला दबाने का प्रयास किया गया, जिससे उनके गले में चोट आई है। बीच-बचाव करने पहुंची हरिश्चंद्र की मां गोरीबाई और बहन मनीषा लोधी के साथ भी मारपीट की गई। घटना बीते रोज शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।