अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम रिगरा के पास श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार आठ श्रद्धालुओं में से पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल अमरपाटन लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, रीवा जिले के गुड़ क्षेत्र से एक परिवार बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के लिए मैहर स्थित मां शारदा मंदिर जा रहा था। इसी दौरान देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम रिगरा के पास अचानक ऑटो का टायर फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क किनारे खाई में पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ऑटो का टायर फटना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




