छतरपुर, संदीप यादव: जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां जूनियर हाई स्कूल के सामने स्थित 'काजल ज्वैलर्स' की दुकान के बाहर से अज्ञात चोर करीब 40 हजार रुपए कीमत की चांदी से भरा बैग चुराकर ले गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत और रोष का माहौल है।

दुकान संचालक राजेश कुमार सोनी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना 14 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे की है। वह अपनी दुकान का शटर बंद कर ताला लगा रहे थे, तभी मौका पाकर पीछे खड़ा एक युवक चांदी से भरा थैला लेकर फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार ने तत्काल गढ़ीमलहरा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। राजेश सोनी ने बताया कि इससे पहले जुलाई 2025 में भी उनकी दुकान में महिलाओं द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसका पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई है। अब दोबारा चोरी की वारदात होने से व्यापारियों की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी की मांग की है।