सागर/बंडा, त्रिवेन्द्र जाट। बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद पीड़ित परिवारों की मदद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पहल की है। उन्होंने जहरीली शराब से मृत चार लोगों के परिवारों को गोद लेने की घोषणा की है।
घोषणा के अनुसार, दिग्विजय सिंह इन चारों परिवारों को हर महीने 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा परिवारों में मौजूद अनाथ बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च भी उठाने की बात कही गई है।
जिन चार परिवारों को गोद लेने की घोषणा की गई है, उनमें झोली ग्राम के मृतक भोला अहिरवार, धुरमार ग्राम के रामस्वरूप अहिरवार, खतोरा खुई ग्राम के भोपाली आदिवासी (पत्नी माया) और हनौती ग्राम के धनसिंह आदिवासी (पत्नी मीना) के परिवार शामिल हैं।
जहरीली शराब कांड के बाद मृतकों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से उनके सामने बच्चों की परवरिश और शिक्षा सहित रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती है। ऐसे में दिग्विजय सिंह की ओर से की गई आर्थिक सहायता और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा को पीड़ित परिवारों के लिए एक बड़े सहारे के रूप में देखा जा रहा है।














