छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के हरपालपुर कस्बे में अवैध रूप से चल रहे पान मसाला गोदाम पर प्रशासन का कड़ा शिकंजा कसा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की औपचारिक शिकायत के बाद हरपालपुर पुलिस ने गोदाम संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

स्वास्थ्य के लिए घातक मैग्नीशियम कार्बोनेट का हो रहा था इस्तेमाल

जांच के दौरान पाया गया कि पान मसाला बनाने में बेहद हानिकारक और पूरी तरह प्रतिबंधित केमिकल 'मैग्नीशियम कार्बोनेट' मिलाया जा रहा था। संचालक ने पूछताछ में स्वयं स्वीकार किया कि वह मसाले का स्वाद और स्वाद बढ़ाने के लिए इस खतरनाक रसायन का मिश्रण करता था।

एसडीएम नौगांव की टीम ने 14 अक्टूबर को मारा था छापा

छतरपुर कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर एसडीएम नौगांव के जांच दल ने हरपालपुर के सरसेड़ रोड स्थित गोदाम पर 14 अक्टूबर को अचानक छापेमारी की थी। मौके पर बिना लाइसेंस के हो रहे अवैध निर्माण को देखकर टीम ने गोदाम को तुरंत सील कर दिया था।

ब्रांडेड पैकेट और 55 बोरी खुला मसाला बरामद

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन की टीम ने मौके से 'लहर सुप्रीम', 'सर्कस' और 'पहेली क्लासिक' ब्रांड्स के सैकड़ों पैकेट, 55 बोरियां खुला मसाला और 250 बंडल पैकेजिंग सामग्री जब्त की। इन सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल लैब भेजा गया है।

संचालक अवधेश यादव पर BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा

खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा 22 अक्टूबर को दी गई लिखित रिपोर्ट के आधार पर हरपालपुर पुलिस ने ग्राम गुडो निवासी 45 वर्षीय अवधेश यादव पर बीएनएस की धारा 271, 274, 275 और 318(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

कैडी और धमोरा में कार्रवाई से पहले शटर गिराकर भागे गोदाम संचालक

एक तरफ जहां हरपालपुर में कार्रवाई हुई, वहीं छतरपुर शहर से सटे कैडी और धमोरा गांवों में स्थिति अलग रही। कलेक्टर के निर्देश पर जब संयुक्त टीम पहुंची, तो संचालकों को पहले ही भनक लग गई और वे शटर बंद कर पिछले रास्ते से भाग निकले। चर्चा है कि यहां भी लंबे समय से गोपनीय तरीके से बड़ा अवैध कारोबार चलाया जा रहा है।