महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित चंद्रपुरा गांव से पारिवारिक रंजिश और मारपीट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महज एक फीट जमीन के विवाद में दो सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई के सिर पर लाइसेंसी बंदूक की बट से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची छोटे भाई की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
1 फीट जमीन पर कब्जे को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। चंद्रपुरा गांव निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (37) और उसके बड़े भाई जयराज के प्लॉट पास-पास स्थित हैं: संतोष के मुताबिक, उसका 33×43 फीट का प्लॉट है, जिसमें से 1 फीट जमीन पर कब्जा करने की नीयत से बड़े भाई ने पिलर खोदकर भर दिए थे। जब संतोष ने अपने हिस्से की जमीन का विरोध जताया, तो बातचीत गाली-गलौज में बदल गई। आरोप है कि जयराज अपनी लाइसेंसी बंदूक ले आया और बंदूक की बट से संतोष के सिर और कमर पर जोरदार वार कर दिए। हमले में संतोष का सिर बुरी तरह फट गया और अस्पताल में उसके सिर में 10 टांके लगाने पड़े।
पति को बचाने आई पत्नी को भी पीटा
पति संतोष को लहूलुहान होते देख जब उसकी पत्नी जयंती (35) बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल महोबा जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर अमित राजपूत ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है। युवक संतोष के सिर में गंभीर चोट है, जबकि उसकी पत्नी को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है। शहर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पारिवारिक जमीन विवाद में दो सगे भाइयों के बीच मारपीट की घटना हुई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, जिसके बाद नियमानुसार वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














