छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर में महर्षि वाल्मीकि जयंती का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाल्मीकि समाज द्वारा ब्रह्माकुमारी आश्रम के पास बाल्मीकि चौराहे से एक विशाल एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर समाज के लोग नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में चल रहे थे।
इस भव्य शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि के स्वरूप के साथ-साथ भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। शोभायात्रा का विशेष आकर्षण बाहर से आए कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने मनमोहक शिव तांडव और नंदी की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।
आयोजन से जुड़े रंजीत सारवान ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के अवसर पर कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह शोभायात्रा ब्रह्माकुमारी आश्रम से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों छत्रसाल चौराहा, चौबे तिराहा, बस स्टैंड, चौक बाजार और महल से गुजरती हुई वापस बाल्मीकि चौराहे पर पहुंचकर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने झांकियों के दर्शन किए और शोभायात्रा का स्वागत किया।

















