भोपाल। मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस (MBBS) और बीडीएस (BDS) पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अंतिम दौर यानी कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) शुरू हो चुका है। इस अंतिम चरण में खाली बचीं सीटों पर दाखिले के लिए विद्यार्थियों के बीच जबर्दस्त मारामारी देखने को मिल रही है। पूरे राज्य में मेडिकल और डेंटल की महज 62 सीटें खाली बची हैं, जिनके लिए कुल 13,876 आवेदन (च्वाइस फिलिंग) दर्ज किए गए हैं। यानी औसतन एक सीट के लिए 224 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सीटों और आवेदनों का आंकड़ा: एक नज़र में
कुल खाली सीटें: 62 (एमबीबीएस: 38 | बीडीएस: 24)
कुल च्वाइस फिलिंग: 13,876
एमबीबीएस के लिए आवेदन: 12,069 (औसतन 317 दावेदार प्रति सीट)
बीडीएस के लिए आवेदन: 1,807 (औसतन 75 दावेदार प्रति सीट)
मूल निवासी vs बाहरी: 13,345 आवेदन (96.1%) मध्य प्रदेश के मूल निवासियों के हैं, जबकि 531 आवेदन अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के हैं।
GMC भोपाल की एक सीट पर सबसे ज्यादा क्रेज
प्रदेश में सबसे कठिन मुकाबला गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) भोपाल में देखने को मिल रहा है:
- GMC भोपाल: एमबीबीएस की एकमात्र खाली सीट के लिए रिकॉर्ड 944 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
- खंडवा मेडिकल कॉलेज: नंदकुमार सिंह चौहान गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 2 सीटों पर 913 आवेदन आए हैं।
- सतना मेडिकल कॉलेज: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज सतना में एमबीबीएस की 1 सीट पर 896 दावेदार हैं।
- आरडी गार्डी उज्जैन: 1 एमबीबीएस सीट के लिए 702 च्वाइस फिलिंग हुई हैं।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों की कुल 8 खाली सीटों के लिए 5,676 आवेदन आए हैं, यानी औसतन प्रति सीट 709 विद्यार्थी रेस में हैं। वहीं निजी कॉलेजों की 54 खाली सीटों पर 8,200 च्वाइस फिलिंग हुई हैं।
इंदौर का हाल: 14 सीटों के लिए 2,900 से अधिक दावेदार
इंदौर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश को लेकर छात्रों में भारी होड़ मची हुई है। यहाँ की कुल 14 खाली सीटों के लिए 2,900 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं:
- एमबीबीएस (इंदौर): इंदौर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (MGM) में एक भी सीट खाली नहीं है। शहर के 3 प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों (इंडेक्स, एलएनसीटी और श्री अरबिंदो) में एमबीबीएस की केवल 4 सीटें बची हैं, जिन पर 2,003 विद्यार्थियों ने च्वाइस फिलिंग की है। इसका मतलब है कि इंदौर में एमबीबीएस की एक सीट पर 500 से अधिक छात्र कतार में हैं।
- डेंटल/बीडीएस (इंदौर): इंदौर के एकमात्र गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में बीडीएस की 1 सीट के लिए 262 छात्रों ने दावेदारी ठोकी है। निजी डेंटल कॉलेजों (इंडेक्स, मॉडर्न और अरबिंदो) की 9 खाली सीटों पर 651 आवेदन मिले हैं, जिनमें अरबिंदो की एक सीट पर 213 और मॉडर्न की एक सीट पर 211 आवेदन शामिल हैं।
















