उमरिया, तपस गुप्ता। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आयोजित हाथी महोत्सव के दौरान इन दिनों गजराजों की मस्ती लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। खासकर नन्ही मादा हाथी बरखा अपनी मासूम और चंचल हरकतों से महोत्सव में आने वाले लोगों का ध्यान खींच रही है। बरखा के वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किए जा रहे हैं।


बरखा कभी अपनी सूंड से लाठी उठाकर उसके साथ खेलती नजर आती है तो कभी आसपास की वस्तुओं को सूंड से टटोलती दिखाई देती है। उसकी बालसुलभ चंचलता देखकर लोग भी इन पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आ रहे हैं।


यह भी पढि़ए: गंधवानी में देर रात निकलीं भव्य झांकियां, दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब




बताया गया कि बरखा का जन्म 10 जुलाई 2024 को हुआ था और उसकी मां का नाम पूनम है। कम उम्र होने के कारण उसकी गतिविधियों में बच्चों जैसी उत्सुकता और शरारत साफ दिखाई देती है। यही वजह है कि हाथी महोत्सव में बरखा खास आकर्षण बनी हुई है।


महोत्सव के दौरान सामने आए एक वीडियो में बरखा अपनी सूंड से पानी का डिब्बा उठाकर महावत की ओर बढ़ाती दिखाई दे रही है। वह बार-बार डिब्बा महावत की तरफ करती है। महावत उसके इशारे को समझकर पानी डालकर उसे नहलाता है, जिसके बाद बरखा आराम से स्नान का आनंद लेती नजर आती है।


हाथी महोत्सव में पालतू हाथियों के स्नान, साफ-सफाई, भोजन और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बाघों के लिए प्रसिद्ध बांधवगढ़ में इन दिनों गजराजों की मस्ती के बीच नन्ही बरखा की शरारतें लोगों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनी हुई हैं।