देवास/सतवास, नंदकिशोर गुर्जर। सद्भावना क्लब द्वारा गणेश महोत्सव के 34वें वर्ष के अवसर पर महा विसर्जन चल समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ निकाला गया। समारोह की शुरुआत रात करीब 9 बजे महाराणा प्रताप चौराहे से हुई। विशाल गणेश प्रतिमा के साथ निकला चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजीव चौक पहुंचा।
चल समारोह में ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों के साथ युवाओं ने जमकर उत्साह मनाया। भव्य आतिशबाजी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पूरा नगर भक्तिमय माहौल में नजर आया। विभिन्न अखाड़ों से आए कलाकारों ने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं भजन मंडलियों और वाद्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।
यह भी पढि़ए: बाघों के गढ़ में बरखा की मस्ती, नन्ही हथिनी ने लूटी महफिल
समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी शामिल हुए। देर रात अखाड़ों, भजन मंडलियों और वाद्य कलाकारों का सम्मान किया गया। इसके बाद तड़के करीब 3 से 4 बजे दतूनी नदी बड़कन में विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।














