झाबुआ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और थांदला से पूर्व विधायक कलसिंह भाबर का एक बेहद साहसिक और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। अपने पैतृक गांव चैनपुरा स्थित आवास पर करीब 6 फीट लंबा विशालकाय सांप निकलने पर पूर्व विधायक ने किसी सपेरे या वन विभाग की टीम का इंतजार करने के बजाय खुद रेस्क्यू किट संभाली और बेखौफ होकर जहरीले सांप को पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान एक पल ऐसा भी आया जब सांप उनके हाथ पर बुरी तरह लिपट गया, लेकिन उन्होंने धैर्य नहीं खोया और सूझबूझ से उसे सुरक्षित बोरी में बंद कर जंगल में छुड़वाया।
खेत-बगीचे में दिखा 6 फीट लंबा सांप, परिजनों में मचा हड़कंप
घटना शनिवार की बताई जा रही है। झाबुआ जिले के चैनपुरा गांव में स्थित कलसिंह भाबर के घर के पास बने बगीचे और खेत के इलाके में अचानक करीब 6 फीट लंबा सांप रेंगता दिखाई दिया। विशालकाय सांप को देखकर घर के सदस्यों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और परिजन अनहोनी की आशंका से भयभीत हो गए। सांप की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक भाबर ने घबराने के बजाय घर में रखी विशेष स्नेक रेस्क्यू किट मंगवाई और खुद ही मोर्चा संभाल लिया।
यह भी पढि़ए: जल संरक्षण में एमपी के युवाओं का डंका :नदी सफाई अभियान की पीएम मोदी ने की मुक्तकंठ से सराहना, बताया जनभागीदारी की मिसाल
पत्नी और बेटे ने लगाई रोकने की गुहार, हाथ पर लिपट गया सांप
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब पूर्व विधायक सांप को काबू में करने का प्रयास कर रहे थे, तब उनकी पत्नी और बेटे लगातार उनसे पीछे हटने और खुद जोखिम न लेने की मिन्नतें करते रहे। परिजनों की चिंता और मनाही के बावजूद भाबर पूरी एकाग्रता के साथ रेस्क्यू में जुटे रहे। कड़ी मशक्कत के बीच जैसे ही उन्होंने सांप पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, छटपटाते हुए सांप ने अचानक उनके हाथ को जकड़ लिया और पूरी तरह लिपट गया। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। हालांकि, शांत स्वभाव और सतर्कता दिखाते हुए पूर्व विधायक ने दो अन्य लोगों की मदद से सांप को धीरे-धीरे अपने हाथ से अलग किया और सावधानीपूर्वक टाट की बोरी में सुरक्षित बंद कर दिया।
घर में हमेशा रखते हैं रेस्क्यू किट, जंगल में कराया मुक्त
सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद पूर्व विधायक और उनके परिजनों ने उसे आबादी क्षेत्र से दूर घने जंगल में ले जाकर प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया, तब जाकर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। परिजनों के अनुसार, ग्रामीण इलाका और खेत-खलिहान से सटा क्षेत्र होने के कारण यहां अक्सर जहरीले जीव-जंतु और सांप निकलते रहते हैं। परिवार और ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर घर पर हमेशा आधुनिक स्नेक रेस्क्यू किट रखी जाती है। पूर्व विधायक जब भी गांव में होते हैं और ऐसा कोई विषैला जीव निकलता है, तो वे पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण का संदेश देते हुए स्वयं आगे बढ़कर उसका सुरक्षित रेस्क्यू करते हैं। सोशल मीडिया पर उनके इस निडर और संवेदनशील प्रयास की खासी चर्चा हो रही है।














