भोपाल/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में मध्य प्रदेश के युवाओं द्वारा चलाए जा रहे नदी स्वच्छता अभियान की मुक्तकंठ से सराहना की। प्रधानमंत्री ने युवाओं के इस अनूठे प्रयास को रेखांकित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के नौजवानों द्वारा शुरू की गई नदी सफाई की इस पहल से आज पूरा समाज प्रेरित होकर जुड़ रहा है, जो वास्तविक जनभागीदारी और सामुदायिक चेतना का बेहतरीन उदाहरण है।

2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के संदर्भ में देशव्यापी स्वच्छता अभियानों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में नागरिक अपने-अपने स्तर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी युवाओं और सामाजिक संगठनों के ऐसे प्रेरक प्रयासों की तस्वीरें और वीडियो निरंतर सामने आ रहे हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दे रहे हैं।


यह भी पढि़ए: 'मन की बात' में पीएम मोदी ने पोषण माह पर की बात, छत्तीसगढ़ से मिजोरम तक की पहलों को सराहा



प्रधानमंत्री ने जनभागीदारी की शक्ति पर बल देते हुए कहा कि अक्सर किसी बड़े अभियान की नींव एक ही व्यक्ति के संकल्प से रखी जाती है। धीरे-धीरे उसके साथ अन्य लोग जुड़ते जाते हैं और देखते ही देखते वह छोटा सा प्रयास एक विशाल जन-कारवां का रूप ले लेता है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और बापू के प्रति सच्ची व सबसे सुंदर श्रद्धांजलि यही है कि हम अपने परिवेश और जल स्रोतों को स्वच्छ रखें। संबोधन में प्रधानमंत्री ने किसी विशेष नदी, जिले अथवा अभियान से जुड़े युवाओं के नामों का उल्लेख नहीं किया, लेकिन मध्य प्रदेश के नौजवानों के जल संरक्षण और नदी उद्धार के इस जमीनी प्रयास को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलने से प्रदेशभर के युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।