सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर लाखों दिलों पर राज करने वाली मशहूर इन्फ्लुएंसर और मॉडल निधि तिवारी (30) ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह उनका शव फंदे से लटकता मिला। मौत को गले लगाने से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक दर्दभरा और भावुक पोस्ट साझा किया था। इस घटना के बाद से उनके प्रशंसकों और स्थानीय इलाके में गहरा शोक व्याप्त है।


आखिरी पोस्ट में छलका दर्द: 'खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं'

आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने से पहले निधि ने सोशल मीडिया पर एक बेहद मार्मिक संदेश पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा इस अधूरे से दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया, इसलिए कहा जाता है खुद से प्यार करो किसी और से नहीं, खुद में खुद को तलाश करो, किसी और में आखिर कब तक तलाशोगे खुद को। इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनके फॉलोअर्स स्तब्ध हैं और इसे उनके टूटे दिल और मानसिक अवसाद से जोड़कर देखा जा रहा है।


शनिवार रात दिल्ली के युवक से तीखी बहस, फिर खुद को कमरे में किया बंद

परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए बयानों के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे निधि की दिल्ली निवासी सोनू सिंह नामक युवक से फोन पर काफी देर तक तीखी बहस हुई थी। कॉल कटने के बाद निधि बेहद तनाव और गुस्से में आ गईं। इसके बाद उन्होंने फेसबुक पर इमोशनल पोस्ट लिखा और खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जब मां और बहन ने खाना खाने के लिए दरवाजा खटखटाया, तो उन्होंने भोजन करने से साफ इनकार कर दिया और रोते हुए कहा कि उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए। परिजन इसे सामान्य नाराजगी समझकर सोने चले गए। रविवार सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।


यह भी पढि़ए: पूर्व विधायक बने स्नेक सेवर:भाजपा प्रदेश प्रवक्ता के हाथ पर लिपटा सांप, घर में घुसे 6 फीट लंबे सांप का खुद किया रेस्क्यू


खिड़की से देखा तो फंदे पर झूल रही थी लाश

परिजनों ने तत्काल मोरवा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कमरे की खिड़की से झांककर देखा, तो निधि का शव पंखे के सहारे फंदे पर लटक रहा था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पड़ोसियों के मुताबिक, भूसा मोड़ निवासी निधि अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहती थीं। उनके पिता करीब 15 साल से परिवार से अलग रह रहे हैं। निधि चार बहनें थीं, जिनमें से उनकी सबसे बड़ी बहन ने करीब 5 साल पहले पारिवारिक तनाव के चलते कुएं में कूदकर जान दे दी थी। एक बहन की शादी बनारस में हुई है, जबकि सबसे छोटी बहन पढ़ाई कर रही है।


'मिस प्रिटी इंडिया-2024' का जीता था खिताब, 16 लाख से अधिक थे फॉलोअर्स

निधि तिवारी सोशल मीडिया का एक चर्चित चेहरा थीं। फेसबुक पर उनके 9 लाख 28 हजार और इंस्टाग्राम पर 7 लाख 12 हजार फॉलोअर्स थे। वे ट्रेंडिंग गानों पर डांस रील्स और अभिनय के वीडियो बनाती थीं, जिन्हें दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जाता था। वे स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेती थीं और कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं की विजेता रही थीं। वर्ष 2024 में उन्होंने 'मिस प्रिटी इंडिया' का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था। परिजनों के अनुसार, उनका सपना बॉलीवुड फिल्मों में बतौर मुख्य अभिनेत्री काम करने का था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।


कॉल डिटेल और सोशल मीडिया चैट्स की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल से निधि का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है।

"परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल (सीडीआर) और सोशल मीडिया चैट्स को साइबर सेल की मदद से खंगाला जा रहा है। दिल्ली निवासी जिस युवक से बातचीत और विवाद की बात सामने आई है, उस संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"

— डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, मोरवा