बक्सवाहा, राजू दुबे। बक्सवाहा के पीएम श्री शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक माह तक चले समर कैंप का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। कैंप के दौरान छात्राओं ने चित्रकला, पेंटिंग, स्केचिंग, संगीत, डांस, स्पोकन इंग्लिश और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन अवसर पर बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता की जमकर सराहना की गई।


विशेष रूप से स्केचिंग आर्टिस्ट आस्था जैन ने छात्राओं को पेंटिंग और चित्रकला का प्रशिक्षण दिया। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने विद्यालय परिसर की दीवारों पर आकर्षक और प्रेरणादायक पेंटिंग बनाई, जिससे स्कूल का वातावरण रंगीन और सुंदर नजर आने लगा। इन चित्रों के माध्यम से स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक संदेश भी दिए गए।


आस्था जैन ने कहा कि कला बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य अरविंद तिवारी ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।