इंदौर, रविकांत वर्मा। भिंड के चर्चित विष्णु यादव हत्याकांड के आरोपी अभयेद्र तोमर उर्फ आशु की इंदौर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात लसुड़िया थाना क्षेत्र स्थित गुलाब बाग इलाके में एक पेट्रोल पंप के बाहर हुई, जहां बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के अनुसार हमलावर पहले से अभयेद्र की रेकी कर रहे थे। मौका मिलते ही बदमाशों ने उसका पीछा किया और पेट्रोल पंप के बाहर घेरकर गोलियां बरसा दीं। फायरिंग में अभयेद्र को दो गोलियां लगीं, जबकि कई गोलियां आसपास खड़ी कारों में जा धंसीं। घटना में उसके एक साथी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि अभयेद्र तोमर कुछ समय पहले ही हत्या के मामले में जेल से छूटकर बाहर आया था और इंदौर में रहकर कंस्ट्रक्शन का काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे पुरानी रंजिश और बदले की कार्रवाई से जोड़कर देख रही है।

सूत्रों के मुताबिक इस हत्याकांड में भिंड निवासी गुलशन यादव, डीलू लहारिया, गौरव जाट समेत दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही लसुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस सहित अन्य सबूत जब्त किए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रातभर संभावित ठिकानों पर छापेमारी करती रहीं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।