इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर जीआरपी थाना पुलिस ने बीते 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की चोरी गई ज्वेलरी और सामान बरामद कर यात्रियों को राहत पहुंचाई है। वहीं मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया। लगातार सफल कार्रवाई के बाद यात्रियों में जीआरपी के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
पहले मामले में प्रयागराज एक्सप्रेस के एस-2 कोच में सफर कर रहे यात्री मुकेश कुमार प्रजापत का जेवरों से भरा ट्रॉली बैग ट्रेन में ही छूट गया था। सूचना मिलते ही जीआरपी इंदौर ने महू चौकी को अलर्ट किया। पुलिस टीम ने ट्रेन पहुंचते ही कोच की तलाशी लेकर दोनों बैग सुरक्षित बरामद कर लिए। बैग में करीब 57 ग्राम सोने के जेवरात, 9 हजार रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान रखा था, जिसकी कुल कीमत लगभग साढ़े आठ लाख रुपये बताई गई है।
दूसरे मामले में पंचवेली एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे राहुल सिंह का करीब 25 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी हो गया था। शिकायत दर्ज होने के बाद जीआरपी ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी दीपक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
वहीं तीसरे मामले में इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 से यात्री अनिल जायसवाल का ट्रॉली बैग चोरी हो गया था। बैग में सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 2 लाख 82 हजार रुपये कीमत का सामान रखा हुआ था। जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मदन बामनिया को गिरफ्तार कर पूरा चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

