नई दिल्ली। सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी Meta ने अपने यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव करते हुए इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सऐप के नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी का यह कदम दुनियाभर के यूजर्स को प्रभावित करेगा, जिसमें भारत भी शामिल है।


कंपनी अब अपने लोकप्रिय ऐप्स के लिए “प्लस वर्जन” पेश कर रही है, जिसके तहत पैसे देकर सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को एक्सक्लूसिव टूल्स, एडवांस कस्टमाइजेशन फीचर्स और बेहतर यूजर एक्सपीरियंस मिलेगा। वहीं कई प्रीमियम सुविधाएं मुफ्त यूजर्स को उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी।


जानकारी के मुताबिक, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 3.99 डॉलर (करीब 387 रुपये) प्रतिमाह तय की गई है, जबकि वॉट्सऐप प्लस के लिए यूजर्स को 2.99 डॉलर (करीब 290 रुपये) मासिक शुल्क देना होगा। हालांकि कंपनी ने अभी भारत में इन प्लान्स की आधिकारिक कीमतों का ऐलान नहीं किया है।


मेटा के इस फैसले को कंपनी की नई बिजनेस रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। अब कंपनी केवल विज्ञापनों से होने वाली कमाई पर निर्भर नहीं रहना चाहती और रेवेन्यू बढ़ाने के लिए सब्सक्रिप्शन मॉडल को आगे बढ़ा रही है। कंपनी का लक्ष्य है कि यूजर्स बेहतर फीचर्स, ज्यादा ऑडियंस रीच और प्रीमियम सेवाओं के लिए हर महीने भुगतान करें।