भोपाल। रक्षाबंधन पर घर जाने की तैयारी कर रहे लाखों बस यात्रियों को अगले सप्ताह झटका लग सकता है। राज्य सरकार निजी बसों का किराया करीब 20 प्रतिशत बढ़ाने की तैयारी में है। यदि प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगती है तो प्रति किमी किराया 1.25 रुपए से बढ़कर 1.50 रुपए हो जाएगा।


बस ऑपरेटर एसोसिएशन का कहना है कि अगले सप्ताह प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकती है। भोपाल में परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह और निजी बस ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार इसमें किराया संशोधन पर सहमति बनी है। इसके बाद परिवहन विभाग नए किराए का नोटिफिकेशन तैयार कर रहा है, जो अगले सप्ताह जारी होने की संभावना है।


2021 के बाद पहली बार बढ़ेगा किराया

प्राइम रूट बस ओनर्स एसोसिएशन के गोविंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश में निजी बसों के किराए में आखिरी बार वर्ष 2021 में संशोधन किया गया था। उस समय डीजल की कीमत करीब 90–91 रु. प्रति लीटर थी जो अब 100 रु. है। बैठक गुरुवार को हो गई थी, जिसमें किराया बढ़ाने पर सहमति बनी। नोटिफिकेशन अगले सप्ताह होगा।