भोपाल, सुबोध त्रिपाठी। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने के बाद लगातार गर्म हो रही प्रदेश की राजनीति और सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के बीच पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया सामने आई है। नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के साथ अपने संबंधों में खटास की खबरों को पूरी तरह से भ्रामक, असत्य और निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आशुतोष तिवारी उनके छोटे भाई (अनुज) की तरह हैं और दोनों के बीच 25 वर्षों से भी अधिक समय का अटूट पारिवारिक रिश्ता है।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि दतिया चुनाव के बाद उनको और आशुतोष तिवारी को लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। उन्होंने लिखा, "आशुतोष तिवारी जी मेरे अनुज हैं। उनके प्रति मेरे मन में हमेशा स्नेह और आत्मीयता रही है, और आगे भी रहेगी। हमारे बीच न कभी कोई कटुता थी, न आज है। आज भी हमारी मुलाकात हमेशा की तरह उसी गर्मजोशी और अपनत्व के साथ हुई।"
2003 के डबरा चुनाव को किया याद; कार्यकर्ता भाव की सराहना की
आशुतोष तिवारी के प्रति अपने अपनत्व का उल्लेख करते हुए पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि वे 2003 के डबरा चुनाव के समय से ही आशुतोष जी को एक कर्मठ, समर्पित और बेहद ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में देखते आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, "आशुतोष जी ने परिणाम के पश्चात किसी का नाम लेकर नाराज़गी नहीं जताई, यह भी सभी कार्यकर्ताओं के प्रति उनके मन में मौजूद सम्मान के भाव का प्रकटीकरण है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर हमेशा खरे उतरेंगे।"
समर्थकों और कार्यकर्ताओं से एकजुटता की अपील
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों, शुभचिंतकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर ऐसा कोई कार्य, टिप्पणी या व्यवहार न करे जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष तिवारी को किसी भी प्रकार का नुकसान पहुँचे। उन्होंने अंत में कहा, "हमारी ताकत हमारी एकजुटता, अनुशासन और संस्कार हैं। आशुतोष जी सदैव मेरे अनुज हैं और उनके लिए मैं अभिभावक। राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन परिवार, संस्कार और रिश्ते हमेशा स्थायी रहते हैं।"





