छतरपुर/बमीठा, अशोक नामदेव । खजुराहो-बमीठा राष्ट्रीय राजमार्ग-339 पर रविवार देर रात करीब 11 बजे सड़क पर बैठे बैल से बाइक टकराने के बाद एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नाहदौरा निवासी प्रदीप साहू (30) पिता महादेव साहू, रविवार रात खजुराहो से बमीठा की ओर अपनी प्लेटिना बाइक क्रमांक MP 19 MU 1448 से जा रहा था। इसी दौरान हाइवे पर बैठे बैल से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और प्रदीप के सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद राहगीरों ने डायल-112 पर सूचना देकर मदद मांगी। घायल प्रदीप को बमीठा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उसे झांसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
बताया गया है कि प्रदीप रेलवे में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। वह नाहदौरा गांव का रहने वाला था और वर्तमान में बमीठा सिंचाई कॉलोनी में रह रहा था।
आवारा पशु बन रहे हादसों की वजह
खजुराहो-बमीठा हाइवे समेत क्षेत्र की सड़कों पर आवारा पशुओं के बैठे रहने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क पर अचानक पशुओं के सामने आने से वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने की मांग की है।














