टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। जतारा थाना अंतर्गत लिधौरा-जतारा मार्ग पर ग्राम मुहारा के पास शनिवार रात एक बाइक सड़क पर बैठे गौवंश से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस से जतारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। टक्कर में गौवंश की भी मौत हो गई।
बताया गया कि ग्राम मुहारा निवासी शैलेंद्र कश्यप पिता परसुराम कश्यप बाइक से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सड़क पर बैठे गौवंश से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौवंश का सींग युवक के सीने में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी भगवत मिश्रा और पायलट राजेंद्र खंगार घायल युवक को जतारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत के साथ गौवंश की भी जान चली गई। सूचना पर पहुंची जतारा पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के बाद मर्ग कायम किया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




