छतरपुर, शिवम सोनी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में होमगार्ड पेट्रोल पंप के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान मोहम्मद फैजान पिता सिराज, उम्र 20 वर्ष, निवासी बाराबंकी, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल गिट्टी से भरे ट्रैक्टर को पकड़कर थाने में खड़ा कराया है। वहीं मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











