बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। बड़ामलहरा अनुभाग के भगवॉ थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया तिगड्डा के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार नीरज पिता बाबू आदिवासी (17) निवासी भैरा हाल टहनगा अपने साथियों रामू पिता बलिया आदिवासी (18), गोविंद पिता नंदलाल आदिवासी (17) एवं अरमान पिता राजू आदिवासी (20) निवासी टहनगा के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम अगरोठा से टहनगा लौट रहे थे। तभी सलैया तिगड्डा के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


हादसा इतना भीषण था कि नीरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को सिविल अस्पताल बड़ामलहरा पहुंचाया गया, जहां सर्जन डॉ. हेमंत मरैया की देखरेख में उनका उपचार किया गया। घटना के बाद अज्ञात कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।