छतरपुर, संजय अवस्थी। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत छतरपुर के ला कैपिटल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक कार्यप्रणाली से जोडऩे पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, विधायक ललिता यादव, बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू, महाराजपुर विधायक कामख्या प्रताप सिंह एवं राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया सहित जिले के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान भाजपा की नीतियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई।

