भोपाल। राजधानी में नारी शक्ति वंदन विधेयक गिरने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशाल 'आक्रोश मार्च' निकाला जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एमवीएम ग्राउंड पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ राज्य मंत्री कृष्णा गौर और भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा भी मौजूद रहे, जिन्होंने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के अपमान की पराकाष्ठा पार की है और यह आक्रोश मार्च प्रदेश की महिलाओं की बुलंद आवाज बनेगा। वहीं, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इस मार्च में लगभग 20 से 25 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने बड़ी संख्या में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।