छतरपुर, संदीप यादव: चंदला थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के कवरई निवासी संजय (24 वर्ष) पुत्र बल्लू श्रीवास अपनी ससुराल में अकेला था। मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी लालू अहिरवार ने उसे लकड़ी के पटिए से इस कदर पीटा कि उसके दोनों हाथ और एक पैर गंभीर रूप से कई जगहों से टूट गए। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदला ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल और बाद में ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
बीड़ी मांगने से शुरू हुआ था विवाद
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि संजय इस समय अपनी ससुराल सिमरिया में मौजूद था। मंगलवार दोपहर को जब बकरियां उसके खेत पर आ गईं, तो संजय उन्हें भगाने के लिए बाहर गया था। उसी दौरान पड़ोसी लालू अहिरवार वहां पहुंचा और उससे बीड़ी मांगने लगा। संजय ने उसे बीड़ी देते हुए टोक दिया कि वह उससे बार-बार बीड़ी क्यों मांगता है। इसके बाद जैसे ही संजय वापस लौटने लगा, आरोपी ने पीछे से लाठी से वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने लकड़ी के पटिए से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
पुलिस की लेट-लतीफी और ए एम्बुलेंस को लेकर अस्पताल स्टाफ की मनमानी
संजय के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिजनों की मदद से घायल को चंदला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ से 108 एम्बुलेंस की मांग की, लेकिन आरोप है कि स्टाफ ने सरकारी एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें निजी एम्बुलेंस बुक करने के लिए मजबूर कर दिया। मजबूरन परिजनों को 2500 रुपए देकर निजी वाहन से घायल को जिला अस्पताल लाना पड़ा।
नशे की लत और पुरानी प्रताड़ना का शिकार हुआ युवक
परिजनों ने जानकारी दी कि आरोपी लालू अहिरवार नशे का आदी है और हर समय नशे में धुत रहता है। इसी लत के कारण वह पिछले कई वर्षों से गांव में लोगों से विवाद करता आ रहा है। संजय से उसकी कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, लेकिन आरोपी जबरन रुपए की मांग भी करता था। फिलहाल, इस पूरे मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से कर दी गई है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

















