छतरपुर, संजय अवस्थी। गणेश चतुर्थी उत्सव के शुभारंभ के साथ ही शहर में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं को घरों और विभिन्न पंडालों में स्थापित किया। सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई।


स्टेडियम के समीप गणेश प्रतिमाओं और पूजन सामग्री की दुकानें सजाई गई हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग प्रतिमाएं खरीदने पहुंच रहे हैं। इस बार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की मांग अधिक दिखाई दे रही है। दुकानदारों के अनुसार प्रतिमाओं में पर्यावरण अनुकूल और देशी रंगों का इस्तेमाल किया गया है।


स्थानीय श्रद्धालु आशीष पाठक ने बताया कि हर वर्ष बप्पा के आगमन का बेसब्री से इंतजार रहता है। गणेश चतुर्थी को लेकर बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश की घर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।


वहीं, स्थानीय दुकानदार पंकज सेन ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार शहर में गणेश उत्सव को लेकर करीब 50 प्रतिशत अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। वे पिछले 10 वर्षों से यहां गणेश प्रतिमाओं की दुकान लगा रहे हैं। उनके अनुसार इस बार बाजार में ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी है।


उन्होंने बताया कि दुकान पर उपलब्ध सभी प्रतिमाएं मिट्टी से तैयार की गई हैं और इनमें देशी रंगों का प्रयोग किया गया है, ताकि पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। बाजार में लालबाग के राजा सहित गणेश जी की विभिन्न आकर्षक प्रतिमाएं उपलब्ध हैं, जिन्हें श्रद्धालु अपनी पसंद के अनुसार खरीद रहे हैं।