दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के शहनाई पिपरिया गांव में पेड़ काटने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आम का पेड़ काटने से मना करने पर एक भाई ने अपने ही भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में घायल विश्राम सिंह को गंभीर हालत में तत्काल बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।


घायल विश्राम सिंह ने बताया कि उसका भाई आम का पेड़ काट रहा था। जब उसने पेड़ काटने का विरोध किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल का आरोप है कि उसका भाई शराब के नशे में अक्सर परिवार और गांव के लोगों से विवाद व मारपीट करता रहता है।


घटना की सूचना मिलते ही फुटेरा चौकी प्रभारी अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।