जबलपुर, अनुराग शुक्ला। रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर इलाके में रविवार देर रात बमबाजी और पथराव की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक बिल्डर के घर को निशाना बनाते हुए दो देसी बम फेंके और घर के बाहर खड़ी कारों में जमकर तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित अक्षय सिंह न्यू शोभापुर इलाके में रहते हैं और बिल्डर का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार रात कुछ युवक उनके घर के बाहर बैठकर गांजा पी रहे थे। परिवार के लोगों ने जब इसका विरोध किया और युवकों को वहां से हटने के लिए कहा तो आरोपी नाराज हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जाते-जाते आरोपियों ने परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
सूत्रों के अनुसार रविवार सुबह आरोपियों ने इलाके में घूमकर रेकी की और देर रात करीब तीन युवक एक्सिस स्कूटी से वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज की और फिर एक के बाद एक दो देसी बम घर की ओर फेंके। बम फटते ही जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कारों पर पत्थर बरसाए, जिससे वाहनों के शीशे टूट गए और काफी नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से बम के अवशेष बरामद किए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और विरोध के बाद बदला लेने से जुड़ा माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में देर रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है, जिससे रहवासी परेशान हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।




