दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खडेरी में शासकीय भूमि पर पेट्रोल पंप का निर्माण किए जाने की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन हिस्से को बुलडोजर से हटवा दिया। ग्राम पंचायत की शिकायत के बाद बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और भूमि का सीमांकन कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ने तहसीलदार को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि पेट्रोल पंप का निर्माण शासकीय भूमि पर किया जा रहा है। शिकायत पर राजस्व अमले ने शासकीय खसरा नंबर 143 का सीमांकन किया। जांच के दौरान करीब 2 से 3 फीट तक निर्माण शासकीय भूमि में पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण का प्रकरण बनाते हुए बुलडोजर की मदद से उक्त निर्माण को हटवा दिया। तहसीलदार ने निर्माणकर्ता को आगे का निर्माण अपनी निजी भूमि की सीमा के भीतर करने की सलाह दी है।
कार्रवाई के दौरान विवाद, मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों और निर्माण पक्ष के बीच तीखी बहस हो गई। कुछ देर के लिए मौके पर विवाद और हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद नहीं था। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।
शासकीय भूमि पर मिला 2 से 3 फीट निर्माण: तहसीलदार
बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी ने बताया कि सीमांकन के दौरान शासकीय भूमि पर लगभग 2 से 3 फीट निर्माण पाया गया था, जिसे हटवा दिया गया है। मामले में अतिक्रमण का प्रकरण भी बनाया गया है। निर्माणकर्ता को निजी भूमि पर ही शेष निर्माण कार्य करने की सलाह दी गई है।
सरपंच प्रतिनिधि ने लगाए अवैध उत्खनन के भी आरोप
खडेरी के सरपंच प्रतिनिधि गोविंद पटेल ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप के लिए लीज किसी अन्य स्थान की है, जबकि निर्माण दूसरी जगह किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप के पास मुक्तिधाम भी स्थित है। साथ ही निर्माण कार्य के लिए अवैध उत्खनन किए जाने का भी आरोप लगाया। पटेल के मुताबिक शासकीय जमीन को अतिक्रमण से बचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत की ओर से प्रशासन को शिकायत दी गई थी।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद फिलहाल शासकीय भूमि में पाया गया निर्माण हटा दिया गया है और निर्माणकर्ता को राजस्व रिकॉर्ड एवं सीमांकन के अनुसार निजी भूमि की सीमा में ही निर्माण करने के निर्देश दिए गए हैं।




