इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शराब दुकान संचालक और उसके पड़ोस में पानी-नमकीन की दुकान लगाने वाले व्यक्ति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो बुधवार को हिंसक रूप ले बैठा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार विवाद दुकान हटाने को लेकर चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान गोली चलने की भी घटना हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद और हंगामा दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसके बावजूद पुलिस ने वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों पक्षों के खिलाफ बॉन्डओवर की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि गोली चलने की घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।

