छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सरकारी लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन जिंदा लोगों को रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया। इस गंभीर गलती के बाद संबंधित पंचायत सचिव अमर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला तब उजागर हुआ जब प्रभावित लोगों की विधवा पेंशन और अन्य सरकारी लाभ अचानक बंद हो गए। शिकायतकर्ताओं रमाबाई रायकवार, गिरजा विश्वकर्मा और कल्लू अहिरवार ने बताया कि उन्हें सरकारी दस्तावेजों में मृत दिखाया गया, जिससे वे योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के पीछे पंचायत स्तर की राजनीति और चुनावी रंजिश का शक जताया है, जबकि प्रशासन इसे तकनीकी गलती बता रहा है। जिला पंचायत के सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और इसे पंचायत सेवा नियमों के तहत गंभीर कदाचार माना है। फिलहाल सचिव को जनपद पंचायत गौरिहार में अटैच कर दिया गया है और जांच पूरी होने तक उन्हें जीवन-निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

