सागर, जीशान खान। सागर शहर की मोतीनगर थाना पुलिस ने शेयर बाजार में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक युवक से 1 करोड़ 27 लाख 44 हजार 420 रुपये की ठगी करने वाले शातिर जालसाज को पंजाब से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मोतीनगर पुलिस के अनुसार अहमदनगर वार्ड निवासी 27 वर्षीय पीड़ित ऋद्धार्थ सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि चंडीगढ़ (पंजाब) निवासी हरमिंदर सिंह से उसकी मुलाकात सागर के एक होटल में हुई थी। इस दौरान आरोपी ने उसे शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा रिटर्न दिलाने का लालच दिया था।
52 ट्रांजैक्शन के जरिए ऐंठे ₹1.27 करोड़, लिया था 90 लाख का लोन
पीड़ित ऋद्धार्थ ने बताया कि आरोपी की बातों में आकर उसने पहली बार में 6 लाख रुपये दिए। इसके बाद धीरे-धीरे विभिन्न बैंक खातों व ऑनलाइन माध्यमों के जरिए करीब 52 ट्रांजैक्शन में कुल 1,27,44,420 रुपये आरोपी के हवाले कर दिए। निवेश के लिए पीड़ित ने बैंक से लगभग 90 लाख रुपये का भारी-भरकम लोन लिया था और रिश्तेदारों से भी पैसे उधार लिए थे। शुरुआत में आरोपी मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाता रहा, लेकिन जब पीड़ित ने अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। काफी समय बीत जाने के बाद जब पैसे नहीं मिले, तब पीड़ित को अपने साथ हुई बड़ी ठगी का अहसास हुआ।
पंजाब में दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार, ₹20 लाख रिकवर
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतीनगर थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शनों का गहन विश्लेषण किया। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी (420 IPC/संबंधित धाराओं) का आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंडीगढ़ (पंजाब) में दबिश देकर आरोपी हरमिंदर सिंह को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों से लगभग 20 लाख रुपये की राशि फ्रीज कराकर रिकवर कर ली है।
न्यायालय ने भेजा जेल, अन्य मामलों की भी जांच जारी
आरोपी को गिरफ्तार कर सागर लाया गया और सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी के अन्य बैंक खातों और वित्तीय संपत्तियों की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस बिंदु पर भी पड़ताल कर रही है कि क्या आरोपी ने इस तरह का झांसा देकर सागर या आसपास के अन्य जिलों में भी लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।




