सतना, अंबिका केशरी। बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने शनिवार को संयुक्त रूप से स्कूल बसों की जांच की। टीम ने 26 स्कूल बसों की चेकिंग की, जिसमें नियमों का पालन नहीं करने वाली 8 बसों के चालान कर कुल 30 हजार रुपए का राजस्व वसूला गया।
जांच के दौरान एक बस में आपातकालीन दरवाजे के नीचे सीट लगी मिली। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र की वैधता समाप्त थी, फर्स्ट एड बॉक्स नहीं था और सीट कवर भी फटे हुए थे। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप सुरक्षा इंतजाम नहीं मिलने पर बस की फिटनेस निरस्त कर दी गई।
वहीं एक अन्य बस के पास फिटनेस और परमिट नहीं मिलने पर 15 हजार रुपए का शमन शुल्क वसूला गया। पांच अन्य बसों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य कमियां मिलने पर कुल 15 हजार रुपए का राजस्व वसूला गया।
परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने स्कूल बस संचालकों को निर्देश दिए कि सभी वाहनों में जरूरी दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, कैमरा और पैनिक बटन समेत सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




