मुंबई, 14 मई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सीएम देवेंद्र फडणवीस बाइक से विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उनके काफिले में बहुत कम गाड़ियां शामिल थीं। इसे लेकर महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों से ईंधन बचत करने के निर्देश दिए हैं।चंद्रशेखर बावनकुले ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पीएम मोदी की अपील पर मुख्यमंत्री खुद बाइक से विधानसभा पहुंचे और मंत्रिमंडल की बैठक में उन्होंने मंत्रियों को काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करने, गैरजरूरी गाड़ियों को हटाने, पीए और अन्य अधिकारियों की गाड़ियों को कम करने और उन्हें मंत्री की ही गाड़ी में जगह देने के लिए निर्देशित किया है।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए पहुंचने वाले लोगों को भी मना कर दिया गया है। सार्वजनिक कार्यक्रम कम करने, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मीटिंग करने, अधिकारियों को मंत्रालय में न बुलाने समेत कई निर्देश सीएम ने दिए हैं। इसका पालन करना हमारी जिम्मेदारी है।
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सीएम ने इलेक्ट्रिक व्हीकल और सोलर सिगड़ी का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। उन्होंने कई मुद्दों पर हमें निर्देश दिए हैं।
विपक्ष द्वारा इस अपील को 'नाटक' कहे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इलेक्ट्रिक व्हीकर के इस्तेमाल का फैसला लिया है। हम सभी ने ईंधन बचत को लेकर संदेश दिया है। विपक्ष को यह समझना चाहिए कि बचत से देश चलता है। जो देश में मौजूद है, उसका उपयोग अधिक करना चाहिए। विदेश में पैसा भेजने से बचना चाहिए।
वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस संदर्भ में हम सभी को यथासंभव पेट्रोल, डीजल और अन्य संसाधनों की खपत कम करने का प्रयास करना चाहिए। हमने पहले ही अपने काफिले का आकार कम कर दिया है और अनावश्यक उपयोग को कम करने के प्रयास किए हैं। मैं भी इस निर्णय का समर्थन करने के लिए मोटरसाइकिल पर यहां आया हूं, ताकि यह संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।"




