बीजिंग। चीन की चर्चित छाओशान बोली में बनी फिल्म 'डीयर यू' का थाईलैंड के कई सिनेमाघरों में औपचारिक प्रदर्शन शुरू हुआ। चीन और थाईलैंड के बीच गहरी दोस्ती और पारिवारिक भावनाओं को दर्शाने वाली यह फिल्म एक भावनात्मक कहानी पेश करती है। फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग थाईलैंड के वास्तविक स्थानों पर की गई है।

थाईलैंड और चीन के छाओशान क्षेत्र के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। थाईलैंड में छाओशान मूल के लोगों की बड़ी आबादी रहती है। ऐसे में यह फिल्म वहां रहने वाले छाओशान मूल के परिवारों के लिए अपनी जड़ों, पारिवारिक यादों और भावनात्मक जुड़ाव को महसूस करने का एक खास माध्यम बन गई है। कई परिवारों ने सिनेमाघरों में साथ बैठकर फिल्म देखी और पुरानी यादों को फिर से महसूस किया।

थाईलैंड में प्रदर्शन के दौरान फिल्म को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। कई दर्शक फिल्म देखते हुए भावुक हो गए और कुछ की आंखों से आंसू भी निकल आए। फिल्म खत्म होने के बाद कुछ दर्शकों ने अपने प्रियजनों के लिए संदेश लिखे, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्हें तुरंत अपनी दादी को फोन करने का मन हुआ।

थाईलैंड के सिनेमाघरों के अनुसार, फिल्म के आधिकारिक प्रदर्शन से पहले ही दर्शकों की ओर से इसे लेकर काफी पूछताछ और इसे रिलीज करने की मांग आने लगी थी। स्थानीय दर्शकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, थाईलैंड के सिनेमाघरों ने विशेष रूप से 'छाओशान बोली संवाद, चीनी उपशीर्षक संस्करण' और 'थाई डब संस्करण' जारी किए हैं, ताकि अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि के दर्शक इस सीमा और समय से परे मानवीय भावनाओं को बेहतर तरीके से समझ सकें।

हाल ही में 'डीयर यू' ने सिंगापुर, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय फिल्म बाजारों में भी प्रदर्शन शुरू किया है। खास तौर पर सिंगापुर में छाओशान बोली संस्करण के पहले शो के टिकट केवल डेढ़ घंटे में ही बिक गए। इसने प्रवासी चीनी दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्साह पैदा किया और वहां के वार्षिक एशियाई फिल्म बॉक्स ऑफिस में भी शीर्ष स्थान हासिल किया।

फिलहाल, 'डीयर यू' की अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस कमाई लगातार बढ़ रही है। फिल्म ने एक स्थानीय पारिवारिक कहानी को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में सफलता हासिल की है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)