धार/गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। दिगंबर जैन समाज गंधवानी द्वारा शनिवार को धार्मिक आस्था और भक्तिभाव के साथ भगवान महावीर स्वामी की पालकी का नगर भ्रमण कराया गया। 16 दिवसीय शांतिनाथ मंडल विधान एवं 10 लक्षण महापर्व के धार्मिक आयोजनों के समापन के बाद निकाले गए इस चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।


भगवान महावीर स्वामी की पालकी को आकर्षक रूप से सजाया गया था। पालकी के साथ महिला, पुरुष एवं युवा समाजजन भक्तिभाव से नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकले। इस दौरान नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं और नागरिकों ने चल समारोह का स्वागत किया।


चल समारोह में महिलाओं की विशेष उपस्थिति रही। महिलाएं एक जैसी साड़ी के ड्रेस कोड में शामिल हुईं, जिससे आयोजन की शोभा और बढ़ गई। धार्मिक वातावरण के बीच समाजजन भगवान महावीर स्वामी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। पूरे नगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आया।


27 सितंबर को मनाई जाएगी क्षमावाणी

धार्मिक आयोजनों के क्रम में 27 सितंबर को क्षमावाणी पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर समाजजन एक-दूसरे से वर्षभर में जाने-अनजाने हुई गलतियों के लिए क्षमा मांगेंगे और “उत्तम क्षमा” कहकर आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश देंगे।