भोपाल। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर) इलाके में भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। दूर-दूर तक केवल तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा था, जबकि चौक-चौराहों पर देशभक्ति गीतों के बीच लोग 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगा रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस ऐतिहासिक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का सादगी भरा अंदाज देखने को मिला; उन्होंने बच्चों को दुलार किया, लोगों के साथ सेल्फी ली और वाहन से उतरकर जनता के बीच पैदल भी चले।
2027 घोषित होगा 'युवा वर्ष'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2025 को 'निवेश वर्ष' और वर्तमान में 'किसान कल्याण वर्ष' के रूप में मनाया है। इसी कड़ी में आगे वर्ष 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में घोषित किया जाएगा।
राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर से निकाली गई यह यात्रा न सिर्फ मध्य प्रदेश, बल्कि देश की सबसे बड़ी तिरंगा यात्राओं में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज जल, नभ और थल हर जगह तिरंगा शान से लहरा रहा है और वैश्विक मंच पर भारत का मान-सम्मान लगातार बढ़ रहा है।
कर्म श्री संस्था द्वारा आयोजन
इस विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन 'कर्म श्री' संस्था द्वारा किया गया था। यह यात्रा मदर टेरेसा स्कूल से शुरू होकर संत हिरदाराम नगर तक पहुंची।
जन-उत्साह और पुष्प वर्षा से स्वागत
यात्रा में बड़ी संख्या में युवा बाइकर्स, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और स्कूली बच्चे शामिल हुए। कई छोटे बच्चे भारत माता और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मनमोहक वेशभूषा में नजर आए। पूरी यात्रा के मार्ग में स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।




