गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर से प्रदेश के 9 लाख 18 हजार 91 किसानों के बैंक खातों में 493 करोड़ रुपये की राहत राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की। यह सहायता राशि हाल ही में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात के चलते फसलों, मकानों और पशुधन को हुए नुकसान की भरपाई के लिए जारी की गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार आपदा प्रभावित किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और नुकसान के महज 10 दिनों के भीतर मुआवजा सीधे उनके खातों में पहुंचा दिया गया है। कार्यक्रम से पूर्व सीएम ने 'मिशन शक्ति' के छठे चरण के अंतर्गत 500 से अधिक महिलाओं की सहभागिता वाली जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


इसी दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि सपा जाति के नाम पर समाज को बांटती है और किसानों के हक के पैसों पर डकैती डालती है। उन्होंने 2014 के हुदहुद चक्रवात का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय केंद्र सरकार ने राहत कार्य के लिए 3,200 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन तत्कालीन सपा सरकार ने किसानों को केवल 800 करोड़ रुपये बांटे और बाकी 2,400 करोड़ रुपये हड़प लिए। सीएम ने कहा कि इसी पाप और किसानों के श्राप के चलते सपा सत्ता से बाहर हुई। 2017 में सरकार बनने के बाद उन्होंने इस मामले की जांच कराई और अलग से बजट की व्यवस्था कर दो साल बाद वंचित किसानों के खातों में बाकी धनराशि भेजी। सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों के भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले केंद्र से 100 रुपये भेजे जाते थे, तो धरातल पर पहुंचते-पहुंचते मात्र 15 रुपये रह जाते थे और बीच की रकम कांग्रेसी व समाजवादी लोग डकार जाते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है। केंद्र और राज्य सरकार जो भी राहत देती है, वह बिना किसी बिचौलिए या कमीशनखोरी के सीधे किसानों के बैंक खाते में 100 फीसदी पहुंचती है।


मुख्यमंत्री योगी यहीं नहीं रुके आगे उन्होंने कांग्रेस पर भी जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी लगातार हो रही राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए षड्यंत्र रच रही है। सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा, यदि कांग्रेस अराजकता फैलाने से बाज नहीं आई, तो देश की जनता उसका बचा-खुचा राजनीतिक अस्तित्व भी हमेशा के लिए समाप्त कर देगी। उन्होंने कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि पार्टी को तत्काल अपना नेतृत्व बदलना चाहिए, क्योंकि जिस नेतृत्व पर जनता का रत्ती भर भी विश्वास नहीं रह गया है, उसे ढोने का कोई औचित्य नहीं है।


कार्यक्रम के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उपायों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आकाशीय बिजली और मौसम की सटीक पूर्व जानकारी देने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम तेजी से स्थापित किया जा रहा है। फोन अलर्ट के माध्यम से लोगों को समय रहते आगाह किया जा रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर जनहानि रुकी है। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आकर जान गंवाता है, तो पीड़ित परिवार को 24 घंटे के भीतर 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रशासन को बाढ़ कटान वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत और पुनर्निर्माण कार्य तेज करने के सख्त निर्देश दिए।